लोगों की राय

कविता संग्रह >> दुख की बंदिशें

दुख की बंदिशें

सर्वेंद्र विक्रम

प्रकाशक : राजकमल प्रकाशन प्रकाशित वर्ष : 2014
पृष्ठ :140
मुखपृष्ठ : सजिल्द
पुस्तक क्रमांक : 13841
आईएसबीएन :9788126726028

Like this Hindi book 0

सर्वेन्द्र विक्रम का दूसरा कविता संग्रह 'दुख की बन्दिशें' स्मृति और विस्मृति के बीच काँपते कुहासे की थाह लगाता है।

सर्वेन्द्र विक्रम का दूसरा कविता संग्रह 'दुख की बन्दिशें' स्मृति और विस्मृति के बीच काँपते कुहासे की थाह लगाता है। समय और समाज की विडम्बनाएँ इस संग्रह की कविताओं का प्रस्थान हैं। सर्वेन्द्र व्यापक मनुष्यता के वृत्त में इन विडम्बनाओं का परीक्षण करते हैं। समूचे सामाजिक परिदृश्य में अदृश्य जैसा जीवन जी रहे असंख्य व्यक्तियों की 'मानवीय उपस्थिति' दर्ज करने की उत्कंठा इन रचनाओं में है। कवि एक अघोषित विस्थापन अथवा निर्वासन की प्रक्रिया पर दृष्टि रख सका है। इसीलिए स्त्रियों का अस्मिता-विमर्श इन कविताओं में एक नई तर्कपूर्ण मार्मिकता प्राप्त करता है। इनमें 'हल्की-सी नमी और असली कहानी जैसी दीप्ति' का अनुभव किया जा सकता है। स्त्रियों के अपदस्थ आत्मविश्वास और आत्मसंघर्ष पर ऐसी कविताएँ विरल हैं। दुखहरन, वजीर और बरकत अली जैसे लोग लोकतंत्र में कहाँ हैं, ऐसे अनेक प्रश्न उठाती सर्वेन्द्र की कविताएँ निश्चित रूप से महत्त्वपूर्ण हैं। पूँजी, बाजार, सत्ता, भूमंडलीकरण और साम्प्रदायिकता के सन्दर्भ अन्तध्र्वनियों की तरह निहित हैं। 'धुनियें' कविता कहती है, 'धुनियें दिल्ली जाते हैं या नहीं/पता नहीं/जहाँ बहुत कुछ है धुनने के लिए/रूई के अलावा भी।' सर्वेन्द्र विक्रम उन तत्त्वों की पहचान भी करते हैं जिनकी समग्र संरचना में नए समाज का मानचित्र मौजूद है। उन्हें भलीभाँति ज्ञात है कि स्थानीयता की शक्ति और वैश्विकता का विवेक ही इस मानचित्र को सजीव कर सकता है। उल्लेखनीय है कि वे राजनीति पर इस तरह मौन हैं कि अभिव्यंजनाएँ सब प्रकट कर देती हैं। सभ्यता और संस्कृति के विकास का इतिहास आलोचनात्मक आशयों के साथ यहाँ व्यक्त हुआ है। एक सघन सतर्क संवेदनात्मक संतुलन इन कविताओं की अर्थ-सम्भावनाओं का परिविस्तार करता है। किसी बौद्धिक या शीर्षक की भाँति प्रयोग किए जाने वाले तात्कालिक पद प्रयोगों की अनुपस्थिति रचनाकार के उत्तरदायी कवि कर्म का प्रमाण है। वस्तुत: सर्वेन्द्र सहभोक्ता की तरह इन कविताओं की रचना कर रहे हैं। रस्मअदायगी में व्यस्त बहुतेरी समकालीन कविताओं की भीड़ में सर्वेन्द्र विक्रम का स्वर विश्वास का पुनर्वास है। मितकथन और सम्यक् कथन की सिद्धि संग्रह की उपलब्धि है।

प्रथम पृष्ठ

लोगों की राय

No reviews for this book