लोगों की राय

धर्म एवं दर्शन >> ब्रह्मज्ञान का यथार्थ

ब्रह्मज्ञान का यथार्थ

दयानन्द वर्मा

प्रकाशक : डायमंड पॉकेट बुक्स प्रकाशित वर्ष : 2004
पृष्ठ :86
मुखपृष्ठ : पेपरबैक
पुस्तक क्रमांक : 3671
आईएसबीएन :81-288-649-1

Like this Hindi book 7 पाठकों को प्रिय

414 पाठक हैं

यह पुस्तक अलौकिक समझे जाने वाले विषयों तथा मानव मन की थाह पाने के नये सूत्र प्रस्तुत करती है...

Braham Gyan Ka Yatharth a hindi book by Dayanand Verma - ब्रह्मज्ञान का यथार्थ -

प्रस्तुत हैं पुस्तक के कुछ अंश

प्राचीन मान्याताओं तथा रीति-रिवाजों को या तो समझे बिना श्रद्धावश स्वीकार किया जाता है अथवा उस श्रद्धा को अंधविश्वास कहकर अपनी प्रगतिशीलता का परिचय दिया जाता है। ये दोनों अवस्थाएं यथार्थ को समझने के मार्ग में बाधक है।
मैंने अपने अध्ययन मनन से पाया है कि प्राचीन विद्याओं का तात्पर्य समझने के लिए दो बाधाएं सामने आती हैं। पहली यह कि पुराने समय में प्रचलित मुहावरे आज प्रचलित नहीं हैं। दूसरी यह कि हर विषय, हर कार्य क्षेत्र के अपने तकनीकी शब्द होते हैं, जो अन्य कार्य क्षेत्र के व्यक्तियों की समझ में नहीं आते।
उदाहरण के लिए मैं पिछले सप्ताह में प्रकाशित समाचार पत्रों के कुछ शीर्षक यहां प्रस्तुत करता हूं साथ ही समाचार पत्रों के कुछ शीर्षक यहां प्रस्तुत करता हूं, साथ ही उनका विश्लेषण भी :-
पत्र के प्रथम पृष्ठ पर लिखा है, व्हाइट हाउस ने इस्लामाबाद को सचेत किया कि... यहां व्हाइट हाउस का अर्थ है अमरीका का राष्ट्रपति और इस्लामाबाद का अर्थ है पाकिस्तान की सरकार’।

एक अन्य पृष्ठ पर छपा है, ‘राजस्थान में हाथी ने कमल को कुचलने के लिए हाथ से हाथ मिलाया।’ यहां संदर्भ है राजस्थान में होने वाला चुनाव। यहां हाथी का अर्थ ‘बसपा’ और कमल का अर्थ है ‘भाजपा’ तथा वाक्य में आए पहले हाथ का अर्थ है ‘कांग्रेस’ और दूसरे हाथ का अर्थ है पारस्परिक सहयोग। इस व्यंजनात्मक शैली के वाक्य का सामान्य अर्थ यह है कि भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने कांग्रेस को सहयोग देना और लेना स्वीकार किया।
पत्र के खेल संबंधी पृष्ठ पर छपा है, ‘बंगाल टाइगर कंगारुओं पर भारी।’ यहां संदर्भ क्रिकेट के खेल का है। बंगाल टाइगर से आशय सौरभ गांगुली है और कंगारु का अर्थ है आस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम।
व्यापार संबंधी पृष्ठ के कुछ शीर्षक देखिए: सोना चमका, चांदी सुस्त, हल्दी लुढ़की, चना तेज़। इन वाक्यों में प्रयुक्त ‘चमका’, ‘सुस्त’, ‘लुढ़की’, ‘तेज़’, के अर्थ यदि शब्दकोश में देखेंगे तो कुछ पल्ले नहीं पड़ेगा। इस व्यापार में रचा सामान्य सा व्यक्ति उनके अर्थ समझा देगा।
यदि आज से हजार वर्ष बाद, किसी को यह समाचार पत्र मिलेंगे तो वह उनका अर्थ क्या समझेगा ? शायद वैसा, जैसे हम पुराणों और शास्त्रों का अर्थ आज समझ रहे हैं।
अब तनिक समाचार पत्रों से बाहर निकलते हैं।
मेरे देखते-देखते पचास वर्ष में जो परिवर्तन हुए हैं, उनके कुछ उदाहरण हैं-

नयी दिल्ली के ‘कर्जन रोड’ का नाम ‘कस्तूरबा गांधी मार्ग’ हो गया लेकिन उस रोड पर बनी बैरेक्स का नाम ‘कर्जन रोड बैरेक्स’ बना रहा। मील की जगह किलोमीटर प्रचलित हो गया किंतु बोलचाल में माइल परिवार का शब्द ‘माइलेज’ बना रहा वह यों कि किसी व्यक्ति से गाड़ी में पैट्रोल की खपत पूछने के लिए यह नहीं कहा जाता कि आपकी कार या मोटर साइकिल प्रति किलोमीटर कितना पेट्रोल लेती है। यह पूछने के लिए संक्षिप्त वाक्य है, ‘‘गाड़ी कितना माईलेज देती है।’’ ऐसा ही सड़क नापने के लिए माइल स्टोन आज भी प्रचलित है किलोमीटर स्टोन कोई नहीं कहता जबकि माइल स्टोन पर किलोमीटर के अनुसार नाप लिखा रहता है।
इसी दशक में शब्दों के घिसने के कुछ उदाहरण रैफ्रिजरेटर ‘फ्रिज’ हो गया है। टेलीविजन ‘टी. वी’, सेलुलर फोन ‘सेल’, इंडियन नेशनल कांग्रेस ‘कांग्रेस’ बहुजन समाज पार्टी ‘बसपा’ भारतीय जनता पार्टी ‘भाजपा’ आदि। इंग्लिश तथा हिंदी के ये शब्द उनके लघु रूप हिन्दी में स्वीकार कर लिए गए हैं।
इस प्रकार के परिवर्तन हर युग में, हर कार्यक्षेत्र में होते रहते हैं, जिनका अर्थ समझने के लिए शब्दकोश सहायता नहीं देते। फलस्वरूप प्राचीन मुहावरों में आलंकारिक भाषा में कही गयी घटनाओं को अलौकिक मान लिया जाता है और उनकी सत्यता की छानबीन करने की बजाय उन्हें श्रद्धावश स्वीकार कर लिया जाता है अथवा उन्हें ‘ढकोसला’ कह कर छुट्टी पा ली जाती है।
एक और विषय है मन, मस्तिष्क और ब्रह्मांड का। उनके विषय में जितना जान लिया गया है, उससे आगे का और अधिक जानने योग्य रह गया है।
ऐसे ही कुछ विषयों की गहराई में जाने का मैंने यत्न किया है। ज्ञान के अथाह सागर में से मेरी छोटी सी अंजुली में जितना समा सका है, इस पुस्तक के लेखों में प्रस्तुत है।
यदि ये लेख प्रबुद्ध जनों को कुछ सोचने के लिए प्रेरित कर सकें तो इनके लिखे जाने का प्रयोजन पूरा हो जाएगा।
दयानंद वर्मा

ब्रह्मज्ञान का यथार्थ

प्राचीन भारतीय दर्शनों में ‘ब्रह्म’ शब्द लंबी चर्चा का विषय रहा है। अलग-अलग काल खंडों में उस समय के सम्प्रदायों ने ‘ब्रह्म’ शब्द के साथ नये-नये विशेषण जोड़े। जैसे शब्द-ब्रह्म, अन्न-ब्रह्म, सगुण-ब्रह्म, निर्गुण ब्रह्म इत्यादि।
व्यापक ब्रह्म को वर्णन की सीमा से बाहर मानते हुए इस प्रकार भी उसकी विशेषता कही गयी, जैसे ब्रह्म जो अद्वैत है, अर्थात् जो दो में विभाजित नहीं है, जो अल्प नहीं है, जो नाशवान नहीं है इत्यादि।
इन सब चर्चाओं में ब्रह्म के जिस स्वरूप को अधिकतर पक्षों द्वारा स्वाकीर किया गया, वह है, कि ब्रह्म अनंत है, वह सबसे बड़ा है, वह सबसे महान है, उसमें सृष्टि (जन्म) स्थिति (निरंतरता) और प्रलय (मृत्यु) की सभी संभावनाएं समायी हुई हैं।
भगवद्गीता के ग्यारहवें अध्याय में श्रीकृष्ण ने अर्जुन को जो विराट रूप दिखाया था, वह ब्रह्म की विशालता का प्रतीक था। दिखाने से तात्पर्य भली-भांति समझाना है कि व्यापक ब्रह्म में मनोरम और भयंकर सभी कुछ समाविष्ट है। ग्यारहें अध्याय को इसलिए ‘विश्व रूप दर्शन’ नाम दिया गया था।

प्राचीन समय में व्यापाक ब्रह्म के अलग-अलग पक्षों पर विचार करने वाले मनीषियों को सामान्य जन ब्रह्मज्ञानी कहते थे। बाद में ‘ब्रह्मज्ञान’ को धार्मिक विषयों तक सीमित कर लिया गया जो कि असीम की चर्चा को सीमित करने का प्रयास था। इस स्थिति को देखते हुए हम आगे ब्रह्मज्ञानी शब्द की बजाय ‘ब्रह्म वेत्ता’ शब्द का प्रयोग करेंगे।
ब्रह्म से आशय है संपूर्ण ब्रह्मांड। हमारी पृथ्वी सहित हमारा सौर मंडल इस विशाल ब्रह्मांड का एक छोटा सा भाग है। इस पृथ्वी पर विचरण करने वाला मनुष्य इस ब्रह्मांड का एक अंश है। यह इसलिए कि मानव में सभी खनिज द्रव्य और पदार्थ न्यून या अधिक मात्रा में विद्यमान हैं। इन सभी द्रव्यों की आवश्यकता से कम या आवश्यकता से अधिक मात्रा मनुष्य के दोनों रोगों का कारण बनती है। इस असंतुलन को संतुलित करने की दिशा में किये जाने वाले प्रयत्नों के फलस्वरूप आयुर्वेद का जन्म हुआ है।

हमारे सौर मंडल के ग्रह नक्षत्रों की गति का मानव के मन, मस्तिस्क और शरीर पर प्रभाव होता है, इस खोज के आधार पर ज्योतिष के फलित पक्ष का जन्म हुआ है।
ब्रह्मांड के विषय में आधुनिक वैज्ञानिकों का कहना है कि यह निरंतर फैलता है। एक सीमा तक फैलने के बाद इसके सिकुड़ने की प्रक्रिया आरंभ हो जाती है। सिकुड़ने के उपरांत ब्रह्मांड पुनः फैलने लगता है। ब्रह्मांड के विस्तार और संकोचन के मध्य का समय हमारे कैलेंडर के अनुसार खरबों वर्ष से अधिक का होता है।
ब्रह्मांड के संकोच से विस्तार और विस्तार से संकोच की प्रक्रिया रुकती नहीं है। मानव क्योंकि ब्रह्मांड का एक अंश है, इसलिए मानव द्वारा निर्मित सामाजिक नियमों में एक अति से दूसरी अति तक जाने की यात्रा भी ब्रह्मांड की गतिशीलता जैसी होती है। मानव तथा मानव निर्मित समाज की इस प्रकृति को समझने वाला व्यक्ति ही वास्तव में ब्रह्मवेत्ता कहलाने के योग्य होता है।

ब्रह्मवेत्ता अपने अनुभव और अध्ययन के बल पर यह भी जानता है कि अलग-अलग भूखंडों में बसने वाले मानव समाज और अलग-अलग प्रकार के जलवायु को झेलने वाले मानव समाज के सभी सदस्यों का स्वभाव और आवश्यकताएं एक जैसी नहीं होतीं। हर व्यक्ति का वातावरण और हर व्यक्ति की मानसिकता और शारीरिक अवस्था अलग-अलग प्रकार की होती है। इसलिए उसके जीवन व्यतीत करने के नियम भी अलग-अलग होते हैं। ऐसे विविधता-मय समाज को किसी एक नियम किसी एक धार्मिक पुस्तक के माध्यम से रोकने का यत्न करना मानो क्लाक के पेंडुलम को बलपूर्वक रोकने का प्रयत्न किया है। इसलिए ब्रह्मवेत्ता किसी एक नियम या एक पुस्तक द्वारा समाज को चलाने का आग्रह नहीं करता।

ब्रह्मवेत्ता के सामने भूतकाल, वर्तमान और भविष्य के मध्य कोई सीमा नहीं रेखा नहीं होती। इसलिए वह त्रिकालदर्शी कहलाने का पात्र होता है। वह यों भी कि वर्तमान की घटनाओं को तटस्थ भाव से देखने से वह भूतकाल की घटनाओं का आकलन कर सकता है और भविष्य में होने वाली घटनाओं का आभास पा सकता है। वह जानता है कि वह आज जो फल खा रहा है, उसका बीज भूतकाल में बोया गया था और जो बीज आज बोया जा रहा है, उसका फल भविष्य में उपजेगा।
तटस्थ भाव का उदाहरण हम टेस्ट ट्यूब (Test Tube) के उदाहरण से देना चाहते हैं। वैज्ञानिक परीक्षणों के प्रयोग में काम आने वाले टेस्ट ट्यूबों में पड़े द्रव्यों को ताप या शीत पहुंचाने से द्रव्यों में परिवर्तन होता है, टेस्ट ट्यूबों में पड़े दृव्यों को ताप या शीत पहुंचाने से द्रव्यों में परवर्तन होता है, टेस्ट ट्यूब निरपेक्ष रहता है। ब्रह्मवेत्ता का मन, मस्तिष्क भी उस टेस्ट ट्यूब जैसा होता है। वह अपने आस पास होने वाली क्रियाओं और घटनाओं से उद्वेलित नहीं होता बल्कि अपने भीतर उठने वाले काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, मित्रता, शत्रुता आदि भावों और विचारों में वह डूबता नहीं है, बल्कि जोश में होश बनाए रखता है।

दूसरों के मन में भावों और विचारों को ब्रह्मवेत्ता अपने मन रूपी तराजू में तोलता है जैसे वे उसके मन मस्तिष्क में उठ रहे हों। इसके विपरीत स्थिति में वह अपने मन मस्तिष्क में उठने वाले भाव और विचारों को इस प्रकार देखता है जैसे वे दूसरे के मन मस्तिष्क में उठ रहे हैं। ऐसा ब्रह्मवेत्ता अतंर्यामी हो जाता है।
अपने मन मस्तिष्क से तराजू जैसा कार्य निरंतर लेते रहने से ब्रह्मवेत्ता, मानव की मुख्य इच्छाएं जानने समझने में समर्थ हो जाता है। इन इच्छाओं को आधुनिक मनोविज्ञान में मूल प्रवृत्तियों (Instincts) कहा गया है।
मानव-प्रकृति का सूक्ष्म अध्ययन व्यापक ब्रह्म के एक पक्ष का दर्शन है। ब्रह्म के अनेक पक्ष हैं। इन पक्षों को जानना भी ब्रह्मज्ञान के अंतर्गत है। इन पक्षों में से कुछेक का विवरण प्रस्तुत है।
वृक्षों और पौधों को उगते, पकते और मरते देखकर पुराने समय में जैन-तीर्थकारों और मुनियों ने उनमें प्राण का दर्शन किया और वृक्षों लताओं से फल-फूलों को तोड़ने को हिंसा का रूप माना। वे तीर्थकार ब्रह्म के विशेष पक्ष के द्रष्टा होने के कारण ब्रह्मवेत्ता थे।

इस युग के भारतीय विज्ञानी जगदीशचंद्र बसु ने वैज्ञानिक परीक्षणों से तीर्थकारों के निष्कर्षों को सिद्ध किया है कि वे पौधे अनुकूल परिस्थिति में प्रसन्न होते हैं और प्रतिकूल स्थिति में दुःखी होते हैं। बसु महोदय भी ब्रह्मवेत्ता कहलाने के पात्र थे।
आकाश का विचरण करने वाले सूरज चांद सितारों की गति को सभी लोग देखते हैं किंतु इन लोगों में आर्य भट्ट का नाम हम आदर से लेते हैं। छठी शताब्दी में आर्य-भट्ट ने ग्रह नक्षत्रों की गति का सूक्ष्म अध्ययन करके बीज गणित (Algebra) द्वारा खगोल विद्या (Astronomy) के सिद्धांत स्थापित किए। आर्य भट्ट के समकालीन वराह मिहिर ने उन ग्रह नक्षत्रों द्वारा मनुष्य पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन किया और फलित ज्योतिष के सिद्धांत स्थापित किए। वे सब अपने-अपने कार्यक्षेत्र के ब्रह्मवेत्ता थे।
भारत के बाहर नज़र डालते हैं तो ब्रह्म के अन्य पक्षों के अध्येता के रूप में आईन्स्टाइन का नाम सामने आता है। उन्होंने सूक्ष्मतम अणु (एटम) के विस्फोट से अपार शक्ति उपजने की कल्पना की और इस कल्पना को अपने आविष्कारों से साकार भी किया।

चार्ल्स डारविन ने प्राणी विज्ञान के क्षेत्र में सूक्ष्म अध्ययन करके आदि-जीव से मानव के विकास की प्रक्रिया सिद्ध की।
आज के मशीनी मानव ‘रोबोट’ का नाम हम सब जानते हैं। इस रोबोट की कल्पना चैकोस्लोवाकिया के नाटककार कैरेल चैपक (1890-1938) ने अपने नाटक ‘रोसुमज यूनिवर्सल रोबोज’ में प्रस्तुत की थी। ‘रोबो’ या ‘रोबोट’ शब्द उसी ‘रोबोज’ का रूपान्तर है।
ये सब विचारक व्यापक ब्रह्म के अलग-अलग पक्षों के द्रष्टा होने के कारण ‘ब्रह्मवेत्ता’ कहे जाने के पात्र हैं।

यहां दर्शक और द्रष्टा का अंतर समझना आवश्यक है। दर्शक प्रकट को देखता है जबकि द्रष्टा प्रकट की पृष्ठभूमि में छिपे अप्रकट को अपनी कल्पना शक्ति द्वारा देख लेता है यही कारण है कि हमारे मनीषियों ने वेद की ऋचाओं और वेद मंत्रों के रचयिताओं को द्रष्टा कहा है। इन मंत्रों और ऋचाओं में आध्यात्मिक ज्ञान के साथ भौतिक ज्ञान भी है। अतः ब्रह्मज्ञान को केवल आध्यात्मिक ज्ञान तक सीमित रखना असीम को सीमित बनाना है।


प्रथम पृष्ठ

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book