लोगों की राय

शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

चलता  : स्त्री० [सं० चल+तल्-टाप्] १. चल अर्थात् गतिमान या गतिशील होने की अवस्था या भाव। २. अस्थिरता। चंचलता। वि० [हिं० चलना] [स्त्री० चलती] १. जो चल रहा हो। जो गति में हो। जैसे–चलती गाड़ी में से मत उतरो। मुहावरा–(किसी को) चलता करन=जैसे–तैसे दूर करना या हटाना। पीछा छुड़ाने के लिए रवाना करना। जैसे–मैने दो चार बातें करके उन्हें चलता किया। (कोई काम) चलता करना=जैसे–तैसे निपटाना या पूरा करना। जैसे–कई काम तो आज मैने यों ही चलते किये। (किसी व्यक्ति का) चलता या चलते बनना या होन=चुपचाप खिसक या हट जाना। जैसे–झगड़ा बढ़ता हुआ देखकर मैं तो वहाँ से चलता बना। चलते फिरते नजर आना=चलता या चलते बनना। जैसे–अब आप वहाँ से चलते-फिरते नजर आइए। २. जो प्रचलन और व्यवहार में बराबर आ रहा हो। जैसे–चलता माल, चलता सिक्का। ३. जिस पर से होकर लोग बराबर आते जाते रहते हैं। जैसे–चलता रास्ता। ४. जो ठीक प्रकार से काम करने की स्थिति में न हो। चलती मशीन, चलती घड़ी। ५. जिसका अथवा जहाँ पर काम-काज या कारोबार ठीक प्रकार से चल रहा हो। जैसे–चलती दूकान, चलती वकालत। ६. जिसका क्रम बराबर चलता रहता हो। जैसे–चलता खाता (दे०) ७. जो एक स्थान से दूसरे स्थान पर आसानी से जा अथवा ले जाया जा सकता हो। जैसे–चलता पुस्तकालय, चलता सिनेमा। ८.(व्यक्ति) जो अधिक चतुर या होशियार हो। धूर्त्त। जैसे–चलता पुरजा (दे०)। ९. (कार्य या वस्तु) जिसे करने अथवा बनाने में विशेष योग्यता अपेक्षित न हो। जैसे–ऐसे चलते काम तो यहाँ नित्य आया करते हैं। पद-चलता गाना (देखें)। १॰. जिसमें समस्त अंगों या ब्योरे की बातों पर विशेष ध्यान न दिया गया हो या न किया जाय। काम-चलाऊ। जैसे–किसी काम या किताब को चलती निगाह से देखना। ११. जो अपने अंत या समाप्ति के पास तक पहुँच रहा हो। जैसे–चलती अर्थात् ढलती उमर। पद–चलता समय या समाँ। (देखें)। पुं० [हिं० चलना] १. उलटा नाम का पकवान जो पिसी हुई दाल या बेसन की रोटी के रूप में पकाया जाता है। २. रास्ते में वह स्थान जहाँ फिसलन और कीचड़ बहुत अधिक हो। पुं० [देश०] १. एक प्रकार का बहुत बड़ा सदाबहार वृक्ष जिसकी लकड़ी बहुत मजबूत होती है और पानी में भी जल्दी गलती सड़ती नहीं है। २. उक् वृक्ष का फल जो तरकारी बनाने और यों भी खाने के काम आता है। ३. कवच। पुं० चिलता (कवच)।(यह शब्द केवल स्थानिक रूप में प्रयुक्त हुआ है)
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता खाता  : पुं० [हिं० पद] लेन-देन का ऐसा हिसाब जिसका क्रम बराबर चलता या बना रहता हो, बीच में बंद न होता हो। (करेण्ट-एकाउण्ट)।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता गाना  : पुं० [हिं०] ऐसा गाना जो शुद्ध राग-रागिनियों के अन्तर्गत न हो पर जिसका प्रचार सर्व साधारण में हो। जैसे–गजल, दादरा, लावनी आदि।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता छप्पर  : पुं० [हिं० पद] छाता। (फकीरों की भाषा)।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता पुरजा  : पुं० [हिं० पद] व्यवहार कुशल व्यक्ति। चालाक या चुस्त व्यक्ति।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता लेखा  : पुं० =चलता खाता।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता-समय  : पुं०=चलता समाँ।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चलता समाँ  : पुं० [हिं०] जीवन का अंतिम भाग या समय। वृद्धावस्था।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ