लोगों की राय

शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

चौकी  : स्त्री० [सं० चतुष्किका, प्रा० चौक्किआ, गु० चौकी, ने० चौकि, उ० पं० बँ० मरा, सि० चौकी] १. लकड़ी धातु या पत्थर का वह (छोटा या बड़ा) आयताकार आसन जो चार पावों पर कसा या जड़ा रहता है। २. मंदिर के मंडप के नीचे की चौकोर भूमि। ३. किसी पवित्र स्थान पर विराजमान किसी देवी देवता या महापुरुष को चढ़ाई जानेवाली भेंट। मुहावरा–चौकी भरना=किसी देवी या देवता के दर्शनों का मन्नत पूरी करने के लिए उक्त प्रकार के किसी स्थान पर जाना और वहाँ पूजन करके कुछ भेंट चढ़ाना। ४. कुरसी। (क्व०) ५. गले में पहनने का एक प्रकार का गहना जिसमें कई छोटे-छोटे चौकोर खंड एक साथ पिरोये रहते हैं। जगनी। पटरी। ६. वह स्थान जहाँ पहरेदार चौकी बिछा कर बैठते या विश्राम करते हों। ७. पहरा। रखवाली। क्रि० प्र०–बैठना या बैठाना। ८. नगर के बाहरी भाग में का वह स्थान जहाँ कुछ अधिकारी या कर्मचारी व्यवस्था, सुरक्षा आदि के लिए नियत रहते हों। जैसे–चुंगी, पुलिस या सेना की चौकी। मुहावरा–चौकी जाना=दुराचारिणी या पुंश्चली स्त्रियों का संभोग कराने तथा धन कमाने के लिए उक्त स्थान पर जाना। चौकी भरना=अपनी बारी आने पर घूम-घूमकर पहरा देना। ९. रक्षा आदि के लिए किया जानेवाला जादू या टोना। १॰. उक्त के आधार पर, रास्ते में पैदल यात्रियों के ठहरने का स्थान। अड्डा। पड़ाव। ११. खेत की पैदावार बढ़ाने के लिए उसमें इस उद्देश्य से रात भर भेड-बकरियों को रखवाना कि वहीं वे मल-मूत्र त्यागें। १२. तेलियों के कोल्हू की एक विशिष्ट लकड़ी। १३. पूरी, रोटी आदि बेलने का गोलाकार चकला। १४. शहनाई और उसके साथ बजनेवाले बाजे। रोशनचौकी। जैसे–आज तो उनके दरवाजे पर चौकी (या हो रही) है। १५. रोशनचौकीवालों के द्वारा एक बैठक में बजाई जानेवाली चीजें। (गीत या धुन) जैसे–एक चौकी और बजा दो तो तुम्हारी छुट्टी हो जाय। क्रि० प्र०–बजाना। १६. प्रासादों, मंदिरों का प्रवेश द्वार जहाँ या जिसके ऊपर शहनाई बजानेवाले बैठते हैं।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चौकी-घर  : पुं० [हिं० चौकीपहरा+घर] वह छोटा सा छाया हुआ स्थान जहाँ चौकीदार पहरा देने के समय धूप, वर्षा आदि से बचने के लिए खड़ा रहता है।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चौकीदार  : पुं० [हिं० चौकी+फा० दार] १. किसी स्थान पर चौकी-पहरे का काम करने का कर्मचारी। २. राज्य द्वारा नियुक्त पुलिस विभाग का एक निम्न कर्मचारी जो गाँव-देहात में पहरा देता है। ३. जुलाहों का वह खूँटा जिसमें भाँज की डोरी फँसा या बाँधकर रखते हैं।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चौकीदारी  : स्त्री० [हिं०] १. चौकीदार का काम। रखवाली। २. चौकीदार का पद। ३. गाँव-देहातों में लगनेवाला वह कर जो चौकीदार का वेतन देने के लिए लगाया जाता है।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
चौकी-दौड़  : स्त्री० [हिं०] कई दलों में प्रतियोगिता के रूप में होनेवाली एक प्रकार की दौड़ जिसमें दल के हर आदमी को थोड़ी-थोड़ी दूर पर बनी हुई चौकियों पर नये दौड़ाक को प्रतीक रूप में एक डंडा सौंपना पड़ता है। (रिलेरेस)।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ